सलोन में कार की टक्कर से घायल छात्र शिवदीप। संवाद
सलोन। सलोन-रायबरेली हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर स्कूल से घर लौट रहे साइकिल सवार दो छात्रों को तेज रफ्तार कार से टक्कर लग गई। हादसे के बाद चालक ने दोनों को कार से सीएचसी सलोन पहुंचाया। एक छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के शरबादपुर मजरा मखदूमपुर निवासी शिवदीप (15) व नितिन (12) सलोन कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र हैं। दोनों एक ही परिवार से ताल्लुक भी रखते हैं।
बृहस्पतिवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद दोनों एक ही साइकिल से घर लौट रहे थे। बंगाली ढाबा के निकट जैसे ही शिवदीप ने सड़क पार करने के लिए साइकिल मोड़ी, तभी रायबरेली की ओर से करहिया की तरफ जा रही तेज कार से टक्कर लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों छात्र उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक लक्ष्मी शंकर निवासी सरायमनिक डीह ने दोनों को अपनी कार से सीएचसी सलोन पहुंचाया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. रूपेश जायसवाल ने बताया कि नितिन के सिर में गंभीर चोट आई है, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। शिवदीप का उपचार सीएचसी में जारी है।
कोतवाली प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिलीहै। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।