जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में कैश की कमी के चलते आम जनता की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। बैंकों में जमा निकासी के लिए लंबी लाइनें लग रही है। गुरुवार को बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक लक्ष्मणपुर की शाखा में रुपया निकालने के लिए लाइन में लगे दो लोग बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना से हड़कंप मच गया। खाताधारकों ने शाखा प्रबंधक पर मनमानी का आरोप लगाया है। दोनों युवकों को सीएचसी जगतपुर में इलाज कराया गया। हेवतहा नेवढ़िया गांव निवासी सुखराज और बेनीकामा निवासी कुंभकरण बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक लक्ष्मणपुर की शाखा से रुपया निकालने गए थे।
खाताधारकों का आरोप है कि शाखा प्रबंधक कुछ लोगों को बैंक के अंदर कर लेते हैं। उसके बाद बैंक के बाहर लाइन में खड़ा कर देते हैं। लाइन में लगे दोनों युवक अचानक अचेत होकर गिर पड़े। दोनों युवकों के बेहोश होने से बैंक में हड़कंप मच गया।
सुरक्षा कर्मियों ने दोनों युवको सीएचसी जगतपुर पहुंचाया, जहां इलाज के बाद घर भेज दिया गया। उधर, शाखा प्रबंधक होरीलाल का कहना है कि बैंक में पर्याप्त जगह न होने के कारण ग्राहकों को बाहर खड़ा होना पड़ रहा है। कैश की कमी होने के चलते रुपया निकालने में दिक्कत हो रही है।