रायबरेली। डिपो को सोमवार को दो और नई बसें मिल गई हैं। चार माह में अब तक 10 नई बसें डिपो के बेड़े में शामिल हो चुकी हैं। लंबी दूरी के रूटों पर बसों का संचालन बढ़ने से डिपो की आय में तीन गुना इजाफा हो गया है। दोनों नई बसों के लिए रूट तय किया जा रहा है। सोमवार को डिपो का दो और नई बसें मिल गईं। इस बसों के मिलने के बाद जनवरी से अब तक नई बसों के मिलने की संख्या 10 हो गई है।
इस बसों को बड़े रूटों पर संचालित कराया गया। इसी का नतीजा रहा कि वर्ष 2023-24 की तुलना में वर्ष 2024-25 में डिपो की आय कई गुना बढ़ गई है। डिपो को 73.95 लाख रुपये की तुलना में 3.24 करोड़ रुपये का लाभ हुआ है। पिछले मार्च माह में 87 लाख रुपये आय दर्ज की गई है। पूर्व में दिल्ली के लिए कम बसों का संचालन हो रहा था, लेकिन वर्तमान में रोज दिल्ली के लिए बस संचालित हो रही हैं।
इसके अलावा अन्य बड़े रूटों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई गई है। कई नए रूटों वाराणसी, चित्रकूट, फतेहपुर के लिए भी बसों का संचालन शुरू हुआ है। डिपो को साल भर में 15 से अधिक नई बसें भी मिली हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि स्टाफ के सहयोग से बसों का बेहतर संचालन करके यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कारण डिपो की आय लगातार बढ़ रही है।