रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात बेकाबू ट्रक के कुचलने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर थानेदार राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गंगागंज निवासी भानू रैदास (24) रात में अपनी पत्नी शांति देवी (22), भतीजी मधु (9) के साथ निमंत्रण में शामिल होने के बाद बाइक से घर जा रहा था। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गंगागंज के पास ही अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों ट्र्क के पहिये की चपेट में आ गए।
भानू रैदास और उसकी भतीजी मधु की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। थानेदार ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंचे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा। ट्रक चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।