जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो किसानों की मौत हो गई। मोहनगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने पूरे राजा मजरे ओनडीह गांव के रहने वाले किसान को टक्कर मार कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं हरचंदपुर थाना क्षेत्र में नलकूप के गड्ढे में गिरकर एक किसान की जान चली गई।
तिलोई प्रतिनिधि के अनुसार, अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार कार ने एक किसान को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कार को कब्जे में ले लिया है।
पूरे राजा मजरे ओनडीह गांव निवासी तौफीक (40) किसानी करता था। दोपहर को वह किसी काम से ओनडीह गया था। सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान फैजाबाद से रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी अमावां पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार और उस पर सवार लोगों को हिरासत में ले लिया। एसओ रामराघव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हरचंदपुर प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र में शनिवार रात नलकूप के गड्ढे में गिरकर एक किसान की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब किसान खेत में पानी लगाने गया था। परिवारीजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे अंगद मजरे प्यारेपुर गांव निवासी पोरई (55) किसानी करता था।
रात में वह गांव के रमेश के नलकूप से खेत में पानी लगाने गया था। बताते हैं कि इसी दौरान वह नलकूप के गड्ढे में गिर गया। सुबह देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान गड्ढे में उसका शव पाया गया।
ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। थानेदार आरके सिंह का कहना है कि नलकूप के गड्ढे में गिरकर मौत की सूचना मिली थी। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।