मृतक के परिजनों को समझाते सीओ।
- फोटो : मृतक के परिजनों को समझाते सीओ।
सरेनी। पूरे बल्दी मजरे सिंघौर तारा गांव निवासी तेज बहादुर यादव (22) के शव का रविवार को दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके साथ ही मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो साइट इंजीनियर समेत 12 आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस जांच के बाद प्रकरण में कार्रवाई करने की बात कह रही है। तेज बहादुर की नासिक में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
गांव निवासी अमर बहादुर यादव के मुताबिक, उनका भाई तेज बहाहुर गांव के ही कुछ लोगों के साथ काम के सिलसिले में नासिक गया था। वहां शटरिंग का काम करता था। अमर ने आरोप लगाया कि 31 दिसंबर 2025 को साथियोंं व अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर तेज बहादुर की हत्या कर दी। नासिक पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था। गत दो जनवरी को युवक का शव गांव लाया गया तो परिजन दोबारा शव का पोस्टमार्टम कराने और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शव का अंतिम संस्कार नहीं कर रहे थे।
रविवार सुबह सीओ लालगंज अमित सिंह ने गांव पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले में कार्रवाई कराने और शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हो गया। सरेनी थाना प्रभारी रमेश यादव ने बताया कि अमर बहादुर की तहरीर पर सरेनी इलाके के पूरे नेवल मजरे सिंघौर तारा निवासी दो भाइयों मानसिंह, ज्ञान सिंह के अलावा रामविलास, पप्पू, विक्रम यादव, नासिक के रहने वाले दो साइट इंजीनियर देशमुख, चेतन और पांच अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।