रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतक में एक युवक गुजरात में काम करता था, जबकि दूसरा घर पर ही रहता था। दोनों युवक बाइक की सर्विस कराने के निकले थे।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के जमालपुर हुरैया निवासी रामबाबू (24) गुजरात में रहकर मजदूरी करता था। 20 दिन पहले वह घर लौटा था। दोपहर बाद अपने साथी अमेठी जिले के नटपुरवा मजरे ओदारी निवासी मो. आलम (25) के साथ बाइक की सर्विस कराने के लिए नसीराबाद कस्बे गया था।
बताते हैं कि दोनों बाइक सर्विस करावाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक में कुछ कमी होने पर दुबारा उसी दुकान पर जा रहे थे। सलोन-जायस मार्ग पर नसीराबाद कस्बे में ही बाइक सवार दोनों युवकों को ट्रक ने रौद दिया।
दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। मृतक रामबाबू की मां राजकुमारी समेत अन्य घर वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक रामबाबू अपने चार भाईयो में तीसरे नंबर का था। नसीराबाद एसओ राकेश चंद्र ने बताया की सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में लिया गया।