रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम तेरहवीं कार्यक्रम में मामूली विवाद को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से सैकड़ों लोग आ गए। लाठी, डंडे के साथ ही ईंट पत्थर भी चले। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं। सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। घायलों को सलोन पीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से 20 लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र की ग्रामसभा ममुनी निवासी धर्मराज पांडेय के मामा स्वर्गीय जगदीश प्रसाद द्विवेदी का शनिवार रात तेरहवीं संस्कार में भोज चल रहा था। रास्ते में लोगों को बैठाकर खाना खिलाया जा रहा था। तभी गांव के ही इसरार पुत्र रफीउल्ला अपना ई-रिक्शा लेकर उधर से निकलने का प्रयास करने लगा। रिक्शा चालक को दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा गया मगर वह उसी रास्ते से रिक्शा निकालने लगा। तभी रिक्शे का पहिया खाना खा रहे लोगों की पत्तल पर चढ़ गया। इसी बात को लेकर रिक्शा चालक व खाना खा रहे लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर रिक्शा चालक के पक्ष के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों से ईंट, पत्थर चलने लगे। लाठी-डंडे निकल आये और खूनी संघर्ष शुरू हो गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना सलोन पुलिस को दी। सलोन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विवाद बढ़ता देख उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। इस पर डीह, नसीराबाद, ऊंचाहार, जगतपुर थाने की पुलिस के अलावा एएसपी नित्यानंद राय और क्षेत्राधिकारी रामकिशोर सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों में धर्मराज पांडेय, आशा पांडेय, इसरार अहमद, इस्माइल खान समेत छह लोगों को पीएचसी सलोन पहुंचाया गया। सलोन कोतवाल बृजमोहन ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।