रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले दो खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों को भाग लेना था, लेकिन सलोन की बीईओ ऋचा सिंह और सतांव की बीईओ शीतल बिना सूचना के अनुपस्थित रही। इसीलिए दोनों को कठोर चेतावनी जारी की गई है।
समीक्षा बैठक में जिला और ब्लाक स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीटीबी की प्रगति समीक्षा भी हुई। बताया गया कि नामांकित छात्र एक लाख 86 हजार 390 हैं, जिनमें से एक लाख 54 हजार 166 को धनराशि भेजी जा चुकी है।
करीब 32 हजार बच्चों को धनराशि भेजा जाना है, जिनमें से लगभग 17 हजार बच्चों का डाटा बैच प्रौसेस में आ गया है और लगभग 15 हजार बच्चों के अभिभावक को आधार कार्ड बैंक खाता से सीडेड करवाने के लिए कहा गया है। बैठक के दौरान सीडीओ ने पीएम पोषण (मध्यान्ह भोजन योजना) के तहत तिथि भोजन का आयोजन करने के निर्देश दिए। यह कहा गया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपना-अपना जन्मदिवस किसी न किसी परिषदीय विद्यालय में छात्रों के साथ मनाएं। तिथि भोजन के अंतर्गत कोई विशेष व्यंजन बनाया जाना है।
ड्राप आउट बच्चों को खोजें, नामांकन बढ़ाएं
समीक्षा बैठक में ड्राप आउट बच्चों पर भी चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि ड्राप आडट बच्चों को चिन्हित कर उनका नामांकन करवाएं।साथ ही पिछले शैक्षिक सत्र में जितने भी बच्चे नामांकित थे, उनसे 10 प्रतिशत ज्यादा नामांकन इस सत्र में होने चाहिए। बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयवार लक्ष्य निर्धारित कर नामांकन पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बीएसए राहुल सिंह ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 में दो लाख दो हजार 280 बच्चे नामांकित हैं। वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 में अब तक नामांकित बच्चों की संख्या एक लाख 88 हजार 740 है। पिछले सत्र के मुकाबले अभी 15189 बच्चों की संख्या कम है।