रायबरेली में मंगलवार को इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर सिविल लाइंस स्थित एक होटल में अनियंत्रित होकर घुसा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग स्थित सिविल लाइंस चौराहे पर सोमवार रात रोडवेज बस को बचाने के चक्कर में बेकाबू ट्रेलर एक होटल में जा घुसा। गनीमत रही कि होटल बंद था और आसपास कोई मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने ट्रेलर को बाहर कराया। हादसे की वजह से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
रुद्रपुर (उत्तराखंड) से केबल लादकर एक ट्रेलर विशाखपत्तनम जा रहा था। इधर, बस स्टेशन से रायबरेली डिपो की बस सवारियां भरकर ओवरब्रिज होकर इलाहाबाद की तरफ जा रही थी। सिविल लाइंस के पास सामने से रोडवेज बस आने से ट्रेलर के चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया।
चूंकि ट्रेलर की रफ्तार अधिक थी। इसलिए चालक गाड़ी संभाल नहीं सका और ट्रेलर मौजी होटल में जा घुसा। इससे होटल का शटर टूट गया। एक बीम व दीवार टूट गई। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया। हादसे की सूचना पर सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज विजय नारायण फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
चौकी इंचार्ज का कहना है कि ट्रेेलर पर केबल लादकर विशाखपत्तनम ले जाया जा रहा था। ट्रेलर झारखंड के मुश्ताक का है। हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। होटल मालिक की ओर से तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।