उन्होंने पीएम के न खाएंगे न खाने देंगे के जुमले पर भी तंज कसा। कहा, वादे कोरे और इरादे तो कुछ और ही हैं, जो जनता के सामने हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के विकास में किसी तरह की रुकावट नहीं आने दी जाएगी।
अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन सांसद सोनिया ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में 11 फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस गंगा-जमुनी तहजीब को मानती है, लेकिन कुछ ताकतें देश के सांप्रदायिक सौहार्र्द बिगाड़ने का काम रही हैं।
दुर्भाग्य है कि इन्हीं ताकतों के हाथ में केंद्र की सत्ता है। इन्हें सर्वधर्म समभाव पर विश्वास नहीं और ये संवैधानिक संस्थाओं को भी कमजोर करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संसद में गरीब और आम आदमी की आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है।
इसका दोष कांग्रेस पार्टी व गांधी-नेहरू परिवार पर मढ़ा जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने चुनाव जीतने के लिए आम जनता से कोरे वादे किए थे। जनता अब उनकी असलियत जान गई है। आने वाले समय में जनता इसका जवाब भी देगी।
मिशन 2017 में भी जुटने की दी नसीहत
सोनिया गांधी 2017 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी गंभीर दिखीं। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने आगामी एमएलसी चुनाव दिनेश सिंह को जहां जिताने की बात कही, वहीं अभी से विधानसभा चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि संगठन की मजबूती से ही आगामी चुनाव में किला फतह किया जा सकता है। ऐसे में अभी से तैयारी की जाए, ताकि चुनाव में पार्टी को सार्थक परिणाम मिल सके।
गोल्ड मेडलिस्ट और क्रिकेटर की हौसला अफजाई की
भुएमऊ गेस्ट हाउस में गोल्ड मेडलिस्ट अंकिता त्रिपाठी और युवा क्रिकेटर समर्थ सिंंह से भी सोनिया गांधी ने मुलाकात की। अंकिता और समर्थ सिंह के कार्यों पर शाबाशी दी। साथ ही कहा कि आप लोगों की वजह से ही जिले का नाम रोशन हो रहा है।