रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली दो ट्रेनें मंगलवार को निरस्त रहेंगी। इनमें बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ (केवी) एक्सप्रेस और टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस शामिल हैं।
सोमवार को शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल और नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस रद्द होने के कारण नहीं आईं। कई ट्रेनें विलंब से आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
मुंबई से प्रतापगढ़ जाने वाली उद्योग नगरी एक्सप्रेस करीब पौने दो घंटे विलंब से आई, लेकिन लगभग 25 मिनट रुकी रही। इससे यह ट्रेन सवा दो घंटे लेट हो गई। इस ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाकर भेजा गया था, जिसे रायबरेली स्टेशन पर ट्रेन से अलग करके खड़ा कराया गया। इसी वजह से उद्योग नगरी देर तक रुकी रही।
पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस ने दो घंटे और बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ने पौने दो घंटे इंतजार कराया। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे, टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौन घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस व लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर आधे घंटे विलंब से पहुंची।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कोहरे की वजह से कुछ ट्रेनें अभी प्रभावित है। ज्यादातर ट्रेनों की लेटलतीफी में काफी सुधार हो गया है।