ऊंचाहार (रायबरेली)। उन्नाव-ऊंचाहार रेलखंड पर 40 दिन से बंद चल रही ट्रेनें मंगलवार सुबह नगर के स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनों का संचालन शुरू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। उन्नाव-प्रयागराज वाया ऊंचाहार रेलखंड पर चलने वाली अनवरगंज, कानपुर, प्रयागराज, संगम, चंडीगढ़, प्रयागराज संगम, ऊंचाहार एक्सप्रेस, कानपुर, प्रयागराज, संगम इंटरसिटी एक्सप्रेस व रायबरेली-ऊंचाहार उन्नाव रेलखंड पर चलने वाली रायबरेली कानपुर पैसेंजर अप व डाउन का संचालन 20 मार्च से 30 अप्रैल तक बंद था।
इस दौरान कानपुर में गंगा नदी पर बने ब्रिज पर रेलवे लाइन में आई खराबी को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा था। इससे क्षेत्र के लोगों को यात्रा करने में परेशानी हो रही थी। रेलवे ने समस्या को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाई थी, लेकिन उसके संचालन का समय दोपहर में होने के चलते यात्रियों को रास नहीं आया और ट्रेन बंद कर दी गई थी।
तय से एक दिन पहले मंगलवार सुबह स्टेशन पर अनवरगंज, कानपुर, प्रयागराज संगम पैसेंजर पहुंची, तो यात्रियों ने खुशी जताई। ऊंचाहार एक्सप्रेस व इंटरसिटी एक्सप्रेस भी स्टेशन से यात्रियों को लेकर रवाना हुई। रायबरेली-कानपुर पैसेंजर का संचालन बुधवार भोर में शुरू होगा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।