रायबरेली। वाराणसी से लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इसी महीने दो जोड़ी ट्रेनों को शुरू करने का फैसला लिया गया है। हालांकि ये गाड़ियां भी स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जाएंगी। ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गाड़ियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।
वाराणसी से लखनऊ के बीच पहली गाड़ी 22 जुलाई से शुरू होगी। वाराणसी से दौडने वाली गाड़ी संख्या-04219 इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 9.30 बजे यहां पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद लखनऊ रवाना हो जाएगी।
लखनऊ से चलने वाली गाड़ी संख्या-04220 इंटरसिटी एक्सप्रेस दोपहर 2.30 बजे आएगी और पांच मिनट ठहराव के बाद वाराणसी जाएगी। यह गाड़ी इस जिले में सिर्फ रायबरेली जंक्शन पर ही रुकेगी। दूसरी ट्रेन पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से लखनऊ के बीच फर्राटा भरेगी।
गाड़ी संख्या-04260 लखनऊ से डीडीयू जंक्शन के लिए 24 जुलाई से शुरू होगी, जो रायबरेली में रात एक बजे आएगी। गाड़ी संख्या-04259 का संचालन 25 जुलाई से शुरू होगा, जो डीडीयू जंक्शन से लखनऊ के लिए दौड़ लगाएगी।
यह गाड़ी रायबरेली जंक्शन पर रात 3.28 बजे आएगी। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि दो जोड़ी ट्रेनें चलाए जाने का आदेश जारी हो चुका है। निश्चित ही ट्रेनों के चलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
जिले से होकर चल रही 26 जोड़ी ट्रेनें
जिले से होकर 26 जोड़ी ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसी महीने दो जोड़ी नई ट्रेनें शुरू होने से अब गाडिय़ों का संख्या 28 जोड़ी हो जाएगी। अब तक चल रही ट्रेनों में काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, पंजाब मेल, अर्चना एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, गंगा गोमती एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस समेत 26 जोड़ी गाडिय़ां शामिल हैं। हालांकि सभी गाड़ियां स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जा रही हैं।