रायबरेली। कानपुर में गंगा पुल की डाउन रेल लाइन का मरम्मत कार्य चल रहा है। रोजाना सुबह से शाम तक ट्रैफिक ब्लॉक रहता है, जिससे ट्रेनों का आवागमन संभव नहीं है। 13 मई को काम पूरा हो जाएगा। 14 मई से ट्रेनों का संचालन पटरी पर लौट आएगा।
मरम्मत कार्य के कारण रायबरेली जिले से होकर गुजरने वाली 11 ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। कानपुर में गंगा पुल के रेलवे ट्रैक पर दो अप्रैल को काम शुरू हुआ था। इनमें कई ट्रेनें लखनऊ के रास्ते तो कुछ ट्रेनें ऊंचाहार-लालगंज के रास्ते कानपुर जाती हैं। रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, कानपुर-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त चल रही है।
इनके अलावा पांच ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया गया, जिससे ये गाड़ियां भी रायबरेली से होकर नहीं चल रही हैं। इनमें चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस रोजाना चलती है, जबकि बाकी चार ट्रेनें हफ्ते में कुछ ही चलाई जाती हैं। रूट डायवर्जन वाली ट्रेनों में भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस और मुंबई-प्रतापगढ़ उद्यगोग नगरी एक्सप्रेस शामिल है। बुधवार को ऊंचाहार एक्सप्रेस, उद्योग नगरी एक्सप्रेस और भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस नहीं आई।