फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: क्रॉसिंग पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, नौचंदी को रोका

Fri, 19 Jun 2026 12:53 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
 मुंशीगंज स्थित बंद रेलवे क्रॉसिंग के बीच फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली।
विज्ञापन
रायबरेली। रायबरेली-दरियापुर रेलखंड पर बृहस्पतिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। मुंशीगंज क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। उसी बीच क्रॉसिंग की तरफ बढ़ रही नौचंदी एक्सप्रेस को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया। प्राथमिक स्तर पर हुई जांच में गेटमैन की लापरवाही सामने आई है, उसे ड्यूटी से हटा दिया गया है। आरपीएफ ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक भाग गया, उसकी तलाश में आरपीएफ जुट गई है।
विज्ञापन


घटना बृहस्पतिवार सुबह लगभग ने बजे घटी। करीब सवा दो घंटे विलंब से रायबरेली पहुंची सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इस ट्रेन का अगला स्टॉपेज लक्ष्मणपुर होने के कारण फर्राटा भर रही थी, लेकिन दरियापुर स्टेशन से पहले मुंशीगंज क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी देख लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।

अगर समय रहते ट्रेन न रुकती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रेन को पास कराने के लिए क्रॉसिंग बंद की जा रही थी, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलने का प्रयास कर रही थी और फाटक बंद होने से ट्रैक पर ही खड़ी हो गई।
विज्ञापन


बाद में क्रॉसिंग के दोनों फाटक खोले गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकाला गया। इसके बाद फिर से क्रॉसिंग बंद कर ट्रेन रवाना की गई। हादसे की वजह से क्रॉसिंग के पास ट्रेन पांच मिनट रुकी रही। दरियापुर के स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि जैसे ही गेटमैन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के फंसे होने की जानकारी दी, वैसे ही सिग्नल देकर क्रॉसिंग की तरफ बढ़ रही नौचंदी एक्सप्रेस को रोक दिया गया।

तेज रफ्तार ट्रेन समय रहते सिग्नल से पहले रुक गई। प्राथमिक जांच के बाद उच्चाधिकारियों ने गेटमैन राजेश कुमार की लापरवाही मानी, जिस पर उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि मुंशीगंज क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी होने की जानकारी जैसे ही मिली, वैसे ही आरपीएफ की टीम मौके पर भेजी गई। तब तक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक भाग गया। ट्रैक्टर का नंबर मिल गया है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गाड़ी नंबर के आधार पर जल्दी ही ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें