जगतपुर थाने में शनिवार को हुए समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनते एसडीएम राजेश श्रीवास्तव।
रायबरेली। न्याय की आस लेकर थाना समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों को इस बार भी निराशा हाथ लगी। पीड़ितों का कहना है कि न्याय के लिए लगातार भटकना पड़ रहा है। शनिवार को सभी थाना व कोतवाली परिसर में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। फरियादी समस्या लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
जगतपुर थाना परिसर में शनिवार को उप जिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव व ट्रेनी क्षेत्राधिकार ऋतिक कपूर की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सात लोगों ने प्रार्थना पत्र देकर समस्या का समाधान कराने की गुहार लगाई, लेकिन मौके पर किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया है कि सभी राजस्व संबंधित शिकायतें थीं। समाधान के लिए टीम बनाई गई हैं।
खीरों : 12 शिकायतों में किसी का नहीं हो सका निपटारा
खीरों थाना परिसर में शनिवार को नायब तहसीलदार ऋतुराज नारायण की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। इस दौरान 12 शिकायतें आईं। किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। रौला के पीर अली ने भूमि विवाद को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया। खजुहा के काली चरन ने खेत लगे सबमर्सिबल की मोटर व पाइप को चुरा लेने का आरोप लगाया। नायब तहसीलदार ऋतुराज नारायण ने बताया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ है। निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया है।
गदागंज थाने में दो शिकायतों का समाधान
गदागंज थाना परिसर में उप जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह व थाना प्रभारी दयानंद तिवारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। पूरे गौतमन मजरे सुट्ठाहरदो के रामनरेश, छेदीलाल व हरिश्चंद्र ने शिकायती पत्र देते हुए कहा कि प्रतिपक्षी ने भूमिधरी पर कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। एसडीएम ने बताया कि पांच शिकायतें आई थीं। मौके पर दो का निस्तारण किया गया है। सरेनी थाना में एसडीएम मिथिलेश कुमार त्रिपाठी ने लोगों की शिकायतों को सुना। समाधान दिवस में 20 शिकायतें आई, लेकिन मौके पर सिर्फ दो शिकायतों को ही समाधान किया गया।