रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात भतीजे के साथ मिलकर नशे में धुत पति ने महिला को पहले पीटा और फिर गल्ला रस्सी से कस दिया। मरा समझकर दोनों उसे छोड़कर चले गए।
चीख पुकार पर पड़ोसियों ने पहुंचकर उसकी जान बचाई। पड़ोसियों की सूचना पर मायका पक्ष के लोगों ने उसे सीएचसी जतुआ टप्पा पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मलिकमऊ चौबारा गांव निवासी बबलू रात में नशे में धुत होकर घर पहुंचा। कुछ देर बाद पत्नी फूलमती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस पर बबलू ने अपने भतीजे के साथ मिलकर फूलमती को लात-घूसों से पीटा।
इतना ही नहीं दोनों ने रस्सी से फूलमती का गला कस दिया। उसे मरा समझकर वहां से चलते बने। कुछ देर बाद महिला ने शोरगुल मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। घटना की जानकारी पर महिला का भाई सोहनलाल मौके पर पहुंचा।
भाई का आरोप है कि शराब के नशे में आए दिन उसकी बहन की पिटाई की जाती है। मामले में कार्रवाई की जाए। एसओ राकेश सिंह ने बताया कि पति बबलू और उसके भतीजे कमलेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।