डीह कस्बा में दशहरा मेला को लेकर तैयार किया गया रावण।
रायबरेली। जिले में मंगलवार को विजयादशमी धूमधाम से मनाई जाएगी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दशहरा मेले और रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जिले में 52 स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। 40 फीट तक ऊंचे पुतले तैयार किए गए हैं। मंगलवार शाम विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मेला परिसर में रावण दहन होगा।
विजयादशमी पर रावण दहन के साथ विभिन्न स्थानों पर मेले भी लगेंगे। सूरजूपुर रामलीला समिति की ओर से इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां रोशनी और आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है। समिति की ओर से सूरजूपुर में 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार कराया गया है। वहीं, रामलीला समिति खाली सहाट की ओर से खाली सहाट में 40 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है।
नगर पालिका परिषद की ओर से रावण दहन स्थलों पर साफ-सफाई कराई जा रही है। अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थलों की सफाई कराई जा रही है। पेयजल की व्यवस्था के लिए टैंकर लगाए जाएंगे। दोनों प्रमुख स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रहेगी। आईटीआई के पास भी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जगतपुर में विजयादशमी पर मेले के साथ शाम को रावण दहन होगा। इससे पहले भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। खैरहनी पहाड़गढ़ में भी रावण दहन की तैयारियां की गई हैं। डीह और शिवगढ़ में भी आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा ऊंचाहार, राही, सतांव और लालगंज समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
56 स्थानों पर लगेंगे मेले
जिले में 56 स्थानों पर मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें 52 स्थानों पर रावण दहन होगा। सुरक्षा के मद्देनजर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी।
- रवि कुमार, पुलिस अधीक्षक