अमेठी जिले से काटकर तिलोई तहसील को रायबरेली में जोड़े जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक डॉ. मो. मुस्लिम के साथ ग्रामीण मंगलवार को धरने पर बैठ गए।
यह आंदोलन एक सप्ताह तक चलेगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जा सकता है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तिलोई गेट के सामने क्षेत्रीय विधायक और ग्रामीण एकत्र हुए। इन लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
सभी प्रदेश की सपा सरकार पर भड़ास निकाली। कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले 2017 के चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
तिलोई विधायक डॉ. मुस्लिम, समाजसेवी लाल प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने वादे पर खरी नहीं उतर रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले सलोन और तिलोई तहसील को रायबरेली जिले से जोड़ने की बात कही थी, लेकिन केवल सलोन तहसील को रायबरेली से जोड़ा गया।
तिलोई तहसील के साथ भेदभाव किया गया है। यज्ञ प्रताप सिंह, कर्ण बाजपेयी, देशराज मौर्य, रामऔतार, विश्वनाथ पासी ने कहा कि धरना एक सप्ताह तक चलेगा।