चाची-भतीजी समेत तीन महिलाएं कोरोना पॉजिटिव
- दिल्ली से आए परिवारीजनों के चपेट में आकर हुई संक्रमति
- गांवों को बनाया गया हॉटस्पाट, आने जाने पर लगाई गई रोक
फोटो- 26
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। चाची-भतीजी समेत तीन महिलाएं कोरोना संक्रमति पाई गई हैं। सभी को एल-1 हॉस्पिटल रेयान इंटरनेशनल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक दिल्ली से आए परिवारीजनों के चपेट में आकर यह सब संक्रमति हुए थे। तीन लोगों को कोरोना संक्रमति पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया। गांवों को हॉट स्पाट बनाकर पुलिस तैनात कर दिया गया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शनिवार को देर रात आई रिपोर्ट में नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे सत्यनरायन मजरे विरनावां गांव की रहने वाली आठ साल की बालिका और उसकी चाची कोरोना संक्रमति पाई गई। बालिका के चाचा दिल्ली से आए थे, जो कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनके संपर्क में आने के बाद बालिका और उसके चाचा भी कोरोना संक्रमति हो गए। चाचा को एल-1 हॉस्पिटल रेयान इंटरनेशनल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने पर चाचा को छुट्टी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सवैया गांव की रहने वाली महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसका पति दिल्ली से आया था, जो कोरोना संक्रमति पाया गया था। पति को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला को एल-1 हॉस्पिटल रेयान इंटरनेशनल में क्वारंटीन कराया गया है। कोरोना पाजिटिव के तीन केस आने पर संबंधित क्षेत्र के गांवों में हड़कंप मच गया। गांवों को हॉटस्पाट घोषित करके पुलिस तैनात कर दी गई। नसीराबाद थानेदार रविंद्र सिंह ने बताया कि बैरीकेडिंग कर बाहरी लोगों के गांव में आने जाने पर रोक लगा दी गई है। पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
इनसेट
309 रिपोर्ट आई निगेटिव
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर है। संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं। रविवार को आई 309 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। इस पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं एल-1 हॉस्पिटल रेयान इंटरनेशनल में भर्ती तीन लोग कोरोना की जंग जीत गए, जिन्हें छुट्टी दे दी गई।
इनसेट
बाहर से आने वाले लोगों से बनाएं दूरी
जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। हर दिन किसी न किसी क्षेत्र के लोग कोरोना से संक्रमति पाए जा रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों के चपेट में आकर उनके परिवारीजन भी कोरोना से संक्रमति पाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाहर से आने वाले लोग दूरी बनाए रखें। बाहर से आने वाले लोग क्वारंटीन हों और फिर उसके बाद घर जाकर परिवारीजनों से मिले। उनकी थोड़ी सी लापरवाही उनके परिवारीजनों के लिए मुसीबत का सबब बन सकती है। सीएमओ का कहना है कि बाहर से आने वाले लोगों को क्वांरटीन कराया जा रहा है।
-----वर्जन--------
शनिवार को देर रात आई रिपोर्ट में चाची-भतीजी समेत तीन महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। सभी को एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। साथ ही 309 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। घर से निकलने पर मास्क जरूर पहनें।
- डॉ. संजय कुमार शर्मा, सीएमओ