रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन 26 फरवरी को प्रभावित रहेगा। ये तीनों ट्रेनें विलंब से चलाई जाएंगी, जिससे लेटलतीफी अधिक रहेगी। यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के बारे में पता कर लेना होगा, ताकि कोई असुविधा न हो।
वाराणसी जंक्शन से पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के मध्य ब्लॉक हट बी-व्यास नगर-काशी रेलखंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए 26 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से शाम सात बजे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसीलिए कई ट्रेनों को निरस्त किया गया या फिर मार्ग परिवर्तित करके और विलंब से चलाएंगे।
इनमें इस जिले से गुजरने वाली तीन ट्रेनें भी शामिल हैं। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल और जम्मू तवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से चलाई जाएगी। दानापुर से आनंद विहार जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस पौन घंटे देर से चलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा प्रारंभ करने से पहले ट्रेनों की जानकारी कर लें।