अमावां/बछरावां (रायबरेली)। मिल एरिया और बछरावां थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसों में डॉक्टर समेत दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जबकि स्कूटी सवार डॉक्टर को बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के रसेहता गांव निवासी रामबाबू (22) व अनुज पटवा (21) बाइक से अमेठी जिले के जायस गए थे। लौटते समय डिघिया के निकट संदी नागिन मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे अनुज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रामबाबू ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है।
उधर, बछरावां थाना क्षेत्र के नंदाखेड़ा गांव में शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार डॉक्टर की मौत हो गई। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी सुप्रियो हलदार (50) परिवार समेत नंदाखेड़ा गांव में रहता है। यहीं पर क्लीनिक खोलकर इलाज करता था।
दोपहर में वह स्कूटी से मेडिकल स्टोर से दवा लेने गया था। वापस लौटते समय कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा। वाहन की तलाश की जा रही है।