रायबरेली। लालगंज कस्बे में सराफा व्यवसायी की दुकान पर हुई लूटपाट का शनिवार को खुलासा हो गया। लालगंज पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने घटना में शामिल तीन लुटेरों को दबोच लिया, जबकि एक फरार है।
पुुलिस की मानें तो मुख्य आरोपी ने लूटे गए कुछ गहने वाराणसी के सराफा कारीगर के हाथ बेच दिए थे। अन्य गहने भी दो लोगों के घर पर रखे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूूटे गए गहने और 50 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने बताया कि बीती 19 फरवरी को लालगंज कस्बा स्थित सराफा मंडी में दिनेश गुप्ता की दुकान से करीब 15 लाख रुपये कीमत के जेवर लूट लिए गए थे। पुलिस ने केस दर्ज करके घटना की पड़ताल शुरू की थी। एसपी ने बताया कि लालगंज इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह, स्वाट-सर्विलांस टीम प्रभारी अमरेश त्रिपाठी ने घटना में शामिल तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
इसमें मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के करोद थाना क्षेत्र के करोद चौराहा हाउसिंग बोर्ड शिया मस्जिद के पीछे रहने वाले फरमान अली उर्फ समीर हुड्डा, वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियाना हनुमान फाटक निवासी अविनाश कुमार सेठ उर्फ बच्चा और वाराणसी के ही जैतपुर थाना क्षेत्र के हसनतल्ले निवासी मो. अहमद को पकड़ा गया है। वहीं वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाक पुरा निवासी कलीम फरार है, जिसकी तलाश कराई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 140.50 ग्राम सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी फरमान अली ने पूछताछ में बताया कि लूटपाट के बाद कुछ गहने वाराणसी के सराफा कारीगर अविनाश कुुमार के हाथ बेच दिए थे। साथ ही कुछ गहने पकड़े गए दो साथियों के घर पर रख दिए थे। एसपी ने बताया कि फरमान को पकड़ने के बाद कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अन्य लोगों के नाम भी बता दिए। घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है। घटना के मुख्य आरोपी शातिर अपराधी है, जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता रहता है।