रायबरेली। डीएम शुभ्रा सक्सेना व एसपी स्वप्निल ममगाई ने शनिवार को जिला कारागार में महिला व पुरुष बंदी गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम-एसपी ने बंदी गृहों में जांच के साथ ही साफ-सफाई व अन्य कमियों के लिए जेल प्रशासन को चेताया। उन्होंने जेल में अपराधियों से मिलने आने वाले लोगों की भी जानकारी प्राप्त की।
डीएम-एसपी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि जेल की व्यवस्थाओं को नियमानुसार दुरुस्त रखा जाए। बीमार बंदियों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोई शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जेल के पुरुष चिकित्सालय में मरीजों से उनका हालचाल पूछा।
निरीक्षण के दौरान अपराधियों को दिए जाने वाले भोजन के लिए रसोईघर को भी देखा। सीसीटीवी कैमरों व कारागार की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। डीएम-एसपी ने निरीक्षण के दौरान कैदियों से समस्याओं के बारे में पूछा व जानकारी भी प्राप्त की।