सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेकाबू वाहन ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब रिश्तेदारी में मुंडन संस्कार में शामिल होने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। हादसे से आसपास के लोगों का घटनास्थल पर मजमा लग गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के अशिकाबाद निवासी हीरालाल सरोज (50) पुत्र बिंदादीन अपने लड़के दिलीप (22) व पड़ोसी शिवबहादुर (40) के साथ अपनी बहन के ससुराल धनवती पट्टीदार गांव के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सलोन-प्रतापगढ़ राजमार्ग स्थित कालू जलालपुर के पास सलोन से प्रतापगढ़ की ओर तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे गंभीर रूप से घायल तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के गांव से लोगों का हुजूम घटनास्थल पर पहुंच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एनएचआई की एंबुलेंस में शवों को रखवाकर अपने कब्जे में ले लिया। एक साथ तीन मौत से गांव में जहां सन्नाटा पसर गया है, वहीं परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
कोतवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार तीन लोग की मौत हुई है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे। मृतक हीरालाल के भाई छोटेलाल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन की शिनाख्त के लिए टोल के सीसीटीवी फोटो से जानकारी ली जाएगी।