कोतवाली क्षेत्र के राजापुर जंगल के पास लोडर में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में पलटा
रायबरेली। सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। बछरावां, डीह और लालगंज इलाके में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत से परिजनों में रोना पीटना मच गया। बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक गौतमन खेड़ा गांव निवासी शिवकुमार (18) पुत्र महादेव बुधवार रात निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
तिलेंडा गांव के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इसमें शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के जरिये शिवकुमार को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया। लखनऊ ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में शिवकुमार की मौत हो गई। राहगीरों का कहना है कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक सलोन कोतवाली क्षेत्र के रेवहारा गांव के पास लोक निर्माण विभाग का मिक्सर प्लांट लगा है। कुटिया मजरे रेवहारा निवासी हरिश्चंद्र उर्फ बबलू (42) पुत्र छोटे बृहस्पतिवार सुबह 8.40 बजे प्लांट की तरफ गया था। बताते हैं कि प्लांट में लगे डंपर ने बबलू को रौंद दिया। इससे बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक बबलू खेती करते थे। सलोन कोतवाली प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर होगी।
लालगंज प्रतिनिधि के मुताबिक जबर सिंह का पुरवा निवासी सुरेश सिंह (53) पुत्र शिवनाथ सिंह अपने साथी नरेंद्रपुर गांव निवासी बबलू (35) बृहस्पतिवार सुबह बाइक से बछरावां की ओर जा रहे थे। मेरुई गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश सिंह को मृत घोषित कर दिया।
बबलू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी ऊषा, बेटे धनंजय और रणविजय सिंह के आंसू नहीं थम रहे हैं। मृतक सुरेश सिंह पुणे में ट्रक ड्राइवर थे। वह एक दिन पहले ही गांव आए थे। अचानक हुए हादसे से परिवार सदमे में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ है। इसकी पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज होगी।