जयपुर में हुए हादसे में मौत के बाद सदर कोतवाली क्षेत्र मटिहा गांव में मौजूद लोग।
रायबरेली। खाटू श्यामजी जाते समय मंगलवार सुबह जयपुर सड़क हादसे में मटिहा गांव निवासी सगे भाई अजय व अभय के साथ ही गांव के आकाश यादव की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शुभम व शिवम को एनआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायबरेली के मटिहा गांव निवासी अजय यादव (28), छोटे भाई अभय यादव (22) व गांव के ही आकाश यादव (21), इब्राहिमपुर गांव निवासी शुभम द्विवेदी (25) व शिवम मौर्या (24) के साथ खाटू श्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। सोमवार रात करीब एक बजे सभी कार से निकले।
जयपुर पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जयपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148 पर कार ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। बेटों की मौत की सूचना मिलते ही पिता हरिश्चंद्र यादव समेत अन्य परिजन जयपुर के लिए निकल पड़े।
होटल चलाते थे दोनों भाई
गांव के पूर्व प्रधान समरजीत के मुताबिक अभय और अजय मटिया-मछेछर रोड पर होटल चलाते थे। दोनों हंसमुख थे और एकदूसरे का सम्मान करते थे। कार अजय की थी। अजय की शादी हो चुकी है। डेढ़ वर्ष की बेटी भी है। आकाश घर पर ही रहता था। उसकी शादी अभी नहीं हुई है।