रायबरेली। खीरों के अतरहर गांव में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से तीन मोटरसाइकिलें जल गईं। इस दौरान बाइकों को बचाने में पिता-पुत्र झुलस गए। एक बाइक की टंकी भी फट गई। चपेट में आने से पिता-पुत्र के हाथ व पैर झुलस गए। पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतरहर गांव में प्रदीप कुमार शुक्ला (55) के घर के बरामदे में लगे बिजली के मीटर में शनिवार को आग लग गई। बरामदे में खड़ी बाइकों पर मीटर में लगे तार जलकर गिरे। पहले एक बाइक में आग लगी। देखते ही देखते तीनों मोटर साइकिलें आग की चपेट में आ गईं। प्लास्टिक का कूलर भी चपेट में आकर जल गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही पिता प्रदीप के साथ पुत्र उदित शुक्ला (23) ने बाइकों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान एक बाइक की पेट्रोल की टंकी में आग पहुंचने से टंकी फट गई।
आग की चपेट में आने के बाद पिता-पुत्र झुलस गए। जानकारी मिलने पर पड़ोस के लोग एकत्र हुए और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों मरीजों को वार्ड में भर्ती करके इलाज शुरू कराया गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफीसर डॉ. अनुराग शुक्ला ने बताया कि आग की चपेट में आने से पिता-पुत्र को लाया गया। दोनों मरीज गंभीर नहीं है। भर्ती किया गया है।