रायबरेली। सराफा की दुकान से जेवरात चोरी करने वाली दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 60 हजार कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इनका एक गिरोह है, जो सराफा की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं करता है।
प्रतापगढ़ जिले के अंतू बाजार निवासी सचिन कुमार कौशल की उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा गढ़ी मुतवल्ली के पास सराफा की दुकान है। बीती 24 मई को सोने की नकली चेन थमाकर महिलाओं ने सोने के जेवरात पार कर दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने झकरासी गांव की पूनम और एक महिला नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। एसपी रवि कुमार ने घटना का खुलासे के लिए टीम गठित की थी।
भदोखर थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सुबह दरियापुर चौराहा के पास से घटना में शामिल दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को पकड़ा गया। इसमें लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सूदनखेड़ा गांव की प्रिया सोनी, रजत सोनी और गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई गांव की कोमल सोनी शामिल हैं। सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि झकरासी गांव की पूनम पर एफआईआर दर्ज की थी। घटना में उनकी कोई भूमिका नहीं पाई गई है। उन्हें क्लीनचिट दी गई है।