रायबरेली। टैंकरों से डीजल-पेट्रोल चुराने के मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हरचंदपुर इलाके के हार्ईवे पर गुल्लूपुर चौकी के पास बुधवार को टैंकर से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी किया जा रहा था। पेट्रोलपंप संचालकों की शिकायत पर पुलिस ने पहुंचकर डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के करौली गांव निवासी टैंकर क्लीनर लाल बहादुर, चालक आशीष कुमार शर्मा और लखनऊ जिले के निगोहा थाना क्षेत्र के नीरख नगर निवासी संदीप कुमार मिश्र को गिरफ्तार किया था। मकान मालिक मझिगवां करन निवासी मोनू तिवारी, चकसुंडा निवासी शिवम सिंह फरार हो गए थे।
पुलिस की जांच में पाया गया था कि हाईवे पर बंद पड़े रेस्टोरेंट को गोदाम बनाया गया था। रायबरेली पेट्रोल-डीजल लेकर आने वाले टैंकर चोरी करके यहां पर पेट्रोलियम पदार्थ निकलवा देते थे। इसके एवज में उन्हें पैसा मिलता था। मौके से पुलिस ने करीब चार हजार लीटर पेट्रोलियम पदार्थ के अलावा 100 केन समेत अन्य सामान बरामद किया गया था।
थाना प्रभारी आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उधर, पेट्रोलपंप संचालक जितेंद्र शर्मा, आकाश सिंह का कहना है कि प्रकरण में सख्त कार्रवाई की जाए।