जिला अस्पताल में बच्चे का इलाज करते डॉक्टर सौरभ शर्मा।
रायबरेली। जिले में कुत्तों का आतंक थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार को 22 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। लोगों ने जिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सीय सलाह लेने के बाद एंटी रैबीज वेनम (एआरवी) लगवाई। दोपहर दो बजे तक 112 से अधिक लोगों को इंजेक्शन कक्ष में एआरवी लगाई गई।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ शर्मा की ओपीडी में 22 नए मरीज एआरवी लगवाने के लिए पहुंचे। अंश (3), सविता (12), सुशीला (27), दीपमाला (20), आनंद (16), राम कुमार (32), शिवबालक (53), करन (18), संगीता (26), रामफल (59) आदि नए रोगी कुत्तों के हमले के बाद जख्मी होकर अस्पताल पहुंचे।
भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को एआरवी लगवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। पुराने मरीजों को मिलाकर 112 से अधिक लोगों को एआरवी लगाई गई। चिकित्सक डॉ. सौरभ शर्मा का कहना है कि गर्मी में भी कुत्ते आक्रामक हैं। इसी कारण ज्यादा लोग चपेट में आने के बाद एआरवी लगवाने के लिए आ रहे हैं। कुत्ता काटने वाले स्थान को कम से कम 10 से 15 मिनट तक साबुन या डेटॉल से साफ करें।