सराफा की दुकान में शुक्रवार को चोरी के बाद टूटा लॉकर।
- फोटो : सराफा की दुकान में शुक्रवार को चोरी के बाद टूटा लॉकर।
रायबरेली। ऊंचाहार के जमुनापुर चौराहा स्थित सराफा की दुकान का बृहस्पतिवार रात ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत दो लाख के जेवर पार कर दिए। वारदात बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के निकट हुई। यहां पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। दुकानदार की सूचना पर सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी व स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जमुनापुर गांव निवासी प्रियांशु सोनी जमुनापुर-खरौली मार्ग स्थित मार्केट में सराफा की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हो गए। दुकान में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखी 800 ग्राम कच्ची चांदी, नौ ग्राम सोने की पांच मालाएं व 15 हजार रुपये नकद उठा ले गए। शुक्रवार सुबह वारदात की जानकारी हुई तो गांव वालों की भीड़ लग गई। प्रियांशु सोनी ने बताया कि करीब दो लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी हुई है। पुलिस को तहरीर दी है। सीओ गिरजाशंकर ने बताया कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।