रायबरेली/सलोन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सलोन ब्लॉक में इस बार 20 सीटों पर चुनाव नहीं होगा। ब्लॉक में प्रधान के 85, बीडीसी के 107 और पंचायत सदस्य के 1075 पदों के लिए चुनाव होगा। गांवों में चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। संभावित दावेदार वोटरों की खिदमत में जुट गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 18 जुलाई से बीएलओ को क्षेत्रों के आवंटन का काम शुरू हो जाएगा। एक ओर जहां प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है, वहीं संभावित दावेदार भी अपनी फिजा बनाने में जुट गए हैं। सलोन ब्लॉक की सलोन ग्राम पंचायत को नगर पंचायत में शामिल कर दिया गया है। नगर पंचायत में ग्राम पंचायत के शामिल होने के बाद ब्लॉक में ग्राम पंचायतों की संख्या 86 से घटकर 85 रह गई है।
तहसील प्रशासन सलोन क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में जुट गया है। बीएलओ के क्षेत्र आवंटन का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही बीएलओ घर-घर जाकर नए वोटरों को मतदाता सूची में शामिल करेंगे।
सलोन ब्लॉक की स्थिति
पद पहले अब
ग्राम प्रधान 86 85
ग्राम पंचायत सदस्य 1090 1075
क्षेत्र पंचायत सदस्य 111 107
सलोन ग्राम पंचायत के नगर पंचायत में शामिल होने के बाद अब 85 ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होंगे। संबंधित ग्राम पंचायत में प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव नहीं कराया जाएगा।
- जितेंद्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी, पंचायत