रायबरेली। जिले में यूरिया के लिए एक ओर जहां किसान भटक रहे हैं, वहीं जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर जिले में पर्याप्त खाद होने का दावा किया। शुक्रवार को जिले में यूरिया 4273 मीट्रिक टन निजी व सहकारी बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध है। एक अप्रैल से 28 अगस्त तक जिले में 52762 मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री हो चुकी है। इस साल 10059 मीट्रिक टन यूरिया की अधिक बिक्री हुई है।
28 अगस्त को महराजगंज, जगतपुर, छतोह, सलोन, शिवगढ़, ऊंचाहार, डीह, सतांव विकास खंडों की 17 समितियों व 27 अगस्त को सलोन, डीह, सरेनी, डलमऊ, बछरांवा, महराजगंज, हरचंदपुर, छतोह विकास खंडों की 12 समितियों को यूरिया उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि किसान दुकानों से तय रेट पर यूरिया प्राप्त करें।
यदि कोई दुकानदार अधिक मूल्य में यूरिया की बिक्री कर रहा है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं। कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 7572094283 पर किसी भी समय शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।