डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के एक युवक के खाते से दो बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित जब इसकी शिकायत थाने में करने गया तो पुलिस ने उसे घटनास्थल प्रतापगढ़ जाने की सलाह दी। इससे पीड़ित मायूस होकर वापस लौट आया। उसने बताया कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेगा।
डीह थाना क्षेत्र के सुरजुमऊ मजरे लोधवारी गांव निवासी संजय मौर्य ने डीह थाने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा लोधवारी में है। एटीएम कार्ड उसके पास है।
इसके बावजूद उसके एटीएम से पहले 15 हजार और फिर दूसरी बार में 10 हजार रुपये निकाले गए। उसके मोबाइल पर जब खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया तो उसे जानकारी हुई।
पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस नजरंदाज करते हुए उसे घटना प्रतापगढ़ में तहरीर देने की सलाह दी, बताया कि रुपया प्रतापगढ़ के एटीएम से निकाला गया है। थानाध्यक्ष राकेश सिंह यादव ने बताया कि मामला प्रतापगढ़ का है। पीड़ित को संबंधित थाने में मामला दर्ज कराने को कहा गया है।