रायबरेली। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी (डीएसटीओ) कार्यालय में बड़े बाबू के पद पर तैनात कर्मचारी के घर में घुसकर चोरों ने 90 हजार की नगदी के साथ ही पांच लाख के जेवरात पार कर दिए। शहर के इंदिरा नगर मोहल्ले में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। कर्मचारी की पत्नी अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए प्रयागराज गई थी। रविवार सुबह चोरी की खबर से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इंदिरा नगर चौकी पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
डीएसटीओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कमलेश्वर प्रसाद शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में विनोद कुमार शर्मा के घर में किराए पर रहते हैं। 26 जून को भाई की शादी होने के कारण पीड़ित कर्मचारी की पत्नी प्रयागराज चली गई थी।
उसके जेवर यहीं घर में रखे थे। शादी में जाते समय कर्मचारी को जेवर व नगदी लेकर जाना था। शनिवार की रात कमलेश्वर भोजन करने के बाद सो गया। बताते हैं कि वह दरवाजा खोलकर सो रहा था। रात में अज्ञात चोर घर में घुस आए और अलमारी में रखे जेवर और नगदी पार कर दिये।
अलमारी के लॉकर में जेवर व 60 हजार रुपये रखे थे। बेटे के गुल्लक में भी 30 हजार रुपये रखे थे। कर्मचारी के पर्स में 11 सौ रुपये के साथ ही एटीएम कार्ड व अन्य सामान रखा था। चोर नगदी, जेवर समेत अन्य सामान उड़ा ले गए। रविवार की सुबह नींद खुलते ही चोरी की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इंदिरा नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है। चौकी इंचार्ज इंदिरा नगर रावेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।