फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: युवक ने साथियों के साथ गार्ड को पीटा, ओपीडी ठप

Wed, 27 Aug 2025 01:59 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
बछरावां सीएचसी में ओपीडी ठप होने के बाद परेशान मरीज और तीमारदार।
विज्ञापन
बछरावां। सीएचसी बछरावां में मंगलवार को मां और बहन का इलाज कराने पहुंचे युवक को गार्ड ने विवाद के बाद पीट दिया। बीच-बचाव करने दौड़ी मां को भी धक्का देकर गिरा दिया। इससे आहत युवक बाद में अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा और गार्ड की धुनाई कर दी। अस्पताल में अफरातफरी मच गई। नाराज चिकित्सकों व स्टॉफ ने ओपीडी ठप कर दी। करीब दो घंटे तक इलाज प्रभावित रहा। कई मरीज लौट गए। गार्ड की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर जांच हो रही है।
विज्ञापन


बछरावां कस्बा निवासी दर्शित मिश्रा मंगलवार को अपनी मां दीप्ति मिश्रा व बहन शिवांका मिश्रा को लेकर सीएचसी में बुखार की दवा लेने गए थे। चिकित्सीय सलाह लेने के बाद दर्शित अपनी मां व बहन के साथ घर वापस होने के लिए कार के पास पहुंचे, तभी सीएचसी में तैनात गार्ड अमर प्रताप सिंह मौके पर आ गए।

आरोप है कि गार्ड ने कार पार्किंग को लेकर दर्शित को गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध पर गार्ड ने उन्हें पीट दिया। जब मां दीप्ति मिश्रा बीच बचाव के लिए पहुंची तो उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। गार्ड की अभद्रता के बाद तीनों अपने घर चले गए। कुछ देर बाद दर्शित अन्य युवकों के साथ अस्पताल पहुंचा और हंगामा किया।
विज्ञापन


गार्ड की पिटाई कर युवक चले गए। जानकारी पर सीएचसी के चिकित्सकों ने करीब 12 बजे ओपीडी सहित सभी चिकित्सीय सेवाओं को ठप कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ओपीडी शुरू न होने से परेशान मरीज घरों को वापस चले गए।

बछरावां सीएचसी में ओपीडी ठप होने के बाद मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंजू, ज्ञानवती, रोहित, जयशंकर करीब एक घंटे तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन दवा नहीं दी गई। थक हारकर मरीज बिना दवा के घर वापस चले गए। इसी तरह अन्य मरीज भी परेशान हुए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अर्पिता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि गार्ड की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दीप्ति की शिकायत पर जांच की जा रही है।


रोगियों का आरोप, आए दिन अभद्रता करता है गार्ड
सीएचसी बछरावां आए मरीज ज्ञान प्रकाश, रमेश कुमार, मंजू, मनोज, संदीप, राजकरन, रोहित आदि लोगों ने बताया कि गार्ड आए दिन मरीजों से अभद्रता करता है। सीएचसी अधीक्षक से शिकायत करने के बाद भी गार्ड के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गई। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गार्ड की दबंगई को रोका जाए।


ग्रामीणों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
सीएचसी आने वाले मरीजों से आए दिन अभद्रता के मामलों से क्षेत्र के लोग नाराज हैं। बछरावां निवासी दिनेशचंद्र, रामपाल, अजीत, सुंदर, कैलाश ने चेतावनी दी है कि सीएचसी में मनमानी को नहीं रोका गया तो प्रदर्शन किया जाएगा। सीएचसी आने वाले मरीजों से आए दिन बदसलूकी की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें