रायबरेली-लखनऊ रेलखंड पर चंपा देवी मंदिर के पास शनिवार रात ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। पूरी रात उसका शव रेल लाइन के किनारे पड़ा रहा। रविवार सुबह रेल अफसरों ने इसकी सूचना जीआरपी को दी तो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। युवक वाराणसी का निवासी था।
जहानाबाद चौकी से त्रिपुला रोड पर चंपा देवी मंदिर के पास बने रेलवे के आउटर के निकट रविवार सुबह लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। रेल ट्रैक के किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे के कर्मचारी और अफसर मौके पर पहुंचे।
जीआरपी की कार्यवाहक थानेदार कंचन सिंह ने बताया कि घटना शनिवार देर रात हुई। रविवार सुबह रेलवे के मेमो से इसकी सूचना मिली। ट्रेन से गिरने की वजह से युवक की मौत हुई है। वह किस ट्रेन से गिरा इसका पता नहीं चल सका।
एसओ के मुताबिक युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त वाराणसी के जनसा थाना क्षेत्र के कुराना गांव निवासी विनोद यादव (18) के रूप में हुई। जीआरपी की सूचना पर युवक के परिवारीजन रायबरेली पहुंचे। घर वालों ने बताया कि विनोद ने इस साल इंटर की परीक्षा पास की थी। कंप्टीशन की तैयारी के लिए लखनऊ अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था।