डलमऊ (कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव का पीएम न कराने की बात को लेकर परिवारीजन आक्रोशित हो गए। सभी डॉक्टर से भिड़ गए। तीन घंटे बाद समझाने-बुझाने पर मामला शांत हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सरेनी थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी शैलेश कुमार (28) पुत्र राज बहादुर यहां गदागंज क्षेत्र के पूरे उदऊ मजरे गोविंदपुर माधव अपनी ससुराल आया था। दोपहर में उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी डलमऊ पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
सीएचसी में तैनात डॉ. रोहित चौरसिया ने मौत की सूचना पुलिस को दे दी। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिवारीजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसी को लेकर वह डॉक्टर से भिड़ गए।
इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर कोतवाल ओपी यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिवारीजनों को समझाकर मामला शांत कराया। कोतवाल का कहना है कि परिवारीजनों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।