रायबरेली। जिला अस्पताल में सोमवार रात वार्ड में भर्ती एक युवती को लेकर वार्ड ब्वाय भाग गया। इससे गुस्साए लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को कठघरे में किया और प्रकरण में कार्रवाई की मांग की।
स्वास्थ्य कर्मचारी तीन घंटे बाद युवती को लेकर वार्ड पहुंचा तो परिवारीजनों का गुस्सा और भड़क गया। घरवालों ने वार्ड ब्वाय के साथ हाथापाई की। इससे अफरातफरी रही।
चौकी इंचार्ज ने पहुंचकर घटना की जांच की और मामला शांत कराया। अस्पताल प्रबंधन ने प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं। बताया जाता है कि प्रकरण के बाद युवती को डिस्चार्ज कर दिया गया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सात नंबर बेड एक युवती को बीमार होने पर भर्ती किया गया था। रात में युवती अचानक गायब हो गई। इस पर परिवारीजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
स्टाफ नर्स ने इस प्रकरण की जानकारी अधिकारियों को दी। युवती की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। तीन घंटे बाद युवती ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड ब्वाय के साथ पहुंची तो परिवारीजन अवाक रह गए।
कहा जा रहा है कि वार्ड ब्वाय ही युवती को भगाकर कहीं ले गया था और फिर उसे वापस ले आया। जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज दिलीप राय ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। मामला तूल पकड़ने पर युवती को डिस्चार्ज कर दिया गया।
जिला अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस डॉ. बीरबल का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में वार्ड ब्वाय दोषी मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उधर, सदर कोतवाल अतुल सिंह का कहना है कि अभी पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर प्रकरण में कार्रवाई होगी।