रायबरेली। कोहरा अधिक होने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है, जिससे ज्यादातर गाड़ियां विलंब से पहुंच रही हैं। शीतलहर के बीच ट्रेनों के इंतजार में यात्री ठिठुर रहे हैं। शुक्रवार को सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रही। तेज रफ्तार ट्रेन वंदेभारत भी लेटलतीफ रही। गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस पौन घंटे से ज्यादा देर से आई। चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस ने साढ़े छह घंटे से ज्यादा इंतजार कराया।
अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ने सवा चार घंटे, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस ने तीन घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ने पौने तीन घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस ने ढाई घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल ने सवा दो घंटे, प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस ने दो घंटे इंतजार कराया। लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से आई। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस और कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर एक घंटे विलंब से पहुंची।
बृहस्पतिवार की रात नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और जम्मू तवी-पटना एक्सप्रेस ने चार घंटे इंतजार कराया। बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस और प्रयागराज-सहारनपुर नौचदी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे देर से आई। वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर डेढ़ घंटे और कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कोहरा अधिक होने से ट्रेनों की गति पर असर पड़ा है। इसी वजह से ट्रेनें विलंब से आ रही है। लंबी दूरी की ट्रेनेें ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।