रायबरेली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सेवानिवृत्त इंजीनियर रामकृष्ण पांडेय के घर पर लूटपाट करने के आरोप में छह बदमाश शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए। बदमाशों के पास से पुलिस ने चार लाख कीमत के जेवर, एक लाख की नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित किरण हाल में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि शहर के गांधी नगर निवासी रामकृष्ण पांडेय पीडब्ल्यूडी के रिटायर इंजीनियर हैं। 21 दिसंबर को रामकृष्ण की पत्नी घर पर अकेली थीं। इसी का फायदा उठाते हुए तीन बदमाश घर के अंदर घुस गए थे। बदमाशों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया। साथ ही आवाज करने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाश घर की आलमारी तोड़कर लाखों कीमत के जेवर व नकदी लेकर भाग गए थे।
घटना के खुलासे के लिए सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार, सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह की टीम गठित की गई थी। जांच में पता चला कि वारदात में कुल छह बदमाश शामिल थे। तीन बदमाश घर के बाहर खड़े थे। सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि गोरा बाजार के पास बदमाश मौजूद हैं और लूट की वारदात को अंजाम देने के फिराक में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसमें लालगंज के बहाई गांव निवासी दीपक मौर्या, अवधेश मौर्या, सौरभ मौर्या, प्रिंस कुमार, पिंटू राम, घुसेन का पुरवा पखरौली निवासी प्रदीप शामिल हैं। गिरफ्त में आए बदमाशों के पास से चार लाख कीमत के जेवरात, एक लाख सात हजार की नकदी और घटना में प्रयुक्त की गई बाइक बरामद की गई है। बदमाश दीपक के खिलाफ मारपीट, लूट और प्रिंस के खिलाफ चोरी की एफआईआर पहले से ही लालगंज कोतवाली में दर्ज थी।
पहले की थी रेकी
पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त इंजीनियर के घर की उन्होंने पहले रेकी की थी। इस दौरान पता चला था कि सेवानिवृत्त इंजीनियर पत्नी के साथ रहते हैं। उनके पास बहुत पैसा है। इसके बाद लूट की योजना बनाई। तीन लोग घर के अंदर घुसे, जबकि तीन घर के बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे।