जिला सहकारी बैंक सभागार में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें हाईस्कूल और इंटर के 70 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान मिलने पर सभी मेधावी खुशी से चहक उठे। मुख्य अतिथि एवं समाज कल्याण निर्माण निगम के पूर्व महानिदेशक वीपी सिंह ने कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन सफलता की एक मात्र कुंजी है।
ऐसा करने पर ही सफलता मिलनी तय है। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही देश के भावी कर्णधार हैं। देश के विकास में अहम भूमिका होगी। इसीलिए कभी गलत राह को न चुनें।
विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार पटेल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। सफलता तभी मिलती है, जब सच्चे मन से तैयारी करें।
युवाओं का यही उत्साह भविष्य में राह को आसान करेगा। डॉ. विनीत सिंह ने कहा कि अभी काफी चुनौती है। इसीलिए कभी भी सफलता पर घमंड नहीं करना चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए डॉ. रामबहादुर वर्मा ने कहा कि मेधावियों को आगे भी मेहनत और अनुशासन से तैयारी करनी चाहिए। ताकि सफलता की राह कोई बाधा न आ सके।
सम्मान समारोह में अलग-अलग विद्यालयों के 70 मेधावियों को सम्मानित किया गया। इसमें प्रियंका पटेल, राजेंद्र कुमार, मोनिका वर्मा, समीक्षा पटेल, पल्लवी, अनीता वर्मा, अनामिका, गरिमा, अंजली, सृष्टि वर्मा, सुभांगिनी पटेल, आरिश पटेल, गरिमा, आयुषी, भवानी सिंह, सूरज कुमार, सचिन, विपिन कुमार, अनूप कुमार, अतुल कुमार आदि शामिल हैं।
सभी ने सम्मान मिलने पर खुशी जताई। इस मौके पर भरतलाल वर्मा, डॉ. अंजनी, डॉ. बृजकिशोर चौधरी, सुरेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।