बछरावां रेलवे स्टेशन से कुछ दूर क्रॉसिंग के पास खड़ी ट्रेन। संवाद
बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन उस समय बीच रास्ते में खड़ी हो गई, जब ट्रेन का प्रेशर डाउन हो गया। बछरावां से छूटते ही कुछ दूर जाने के बाद ट्रेन के अचानक रुक जाने से स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। करीब 20 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई तो सभी ने राहत की सांस ली।
लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन लखनऊ से सुबह चलती है, जो बछरावां और रायबेरली होते हुए प्रयागराज तक जाती है। रास्ते के सभी स्टेशनों पर रुकती है। सोमवार को सुबह 7:30 बजे के बाद यह ट्रेन बछरावां पहुंची और कुछ देर बाद सिग्नल मिलते ही कुंदनगंज स्टेशन की ओर रवाना हुई, लेकिन स्टेशन के निकट लालगंज रोड की रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचते ही अचानक रुक गई।
प्रेशर डाउन होने का पता चला तो स्टेशन से कर्मचारियों की टीम भेजी गई। 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। क्राॅसिंग के पास ट्रेन खड़े रहने के कारण फाटक बंद थे, जिससे क्रॉसिंग से रोड ट्रैफिक ठप रहा। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। जाम जैसी स्थिति रही। क्रॉसिंग खुली तो जल्दबाजी के चक्कर में वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत आई।
जाम में स्कूल जाने वाले बच्चों के वाहन भी फंसे रहे। छात्र-छात्राएं मोहनी, माया, रितेश, शिवम ने बताया कि स्कूल पहुंचने में देरी हुई। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रेशर डाउन होने से ट्रेन रुक गई थी। प्रेशर बनने में समय लगा, जिसके बाद ट्रेन रवाना की गई।