जिले में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को समर्थकों के साथ एक भाजपा और दो बसपा उम्मीदवारों ने परचा दाखिल किया। इस दौरान गहमागहमी का माहौल रहा। पुलिस ने समर्थकों को डिग्री कॉलेज चौराहे पर ही रोक दिया। प्रत्याशी समेत पांच लोगों को नामांकन कक्ष के अंदर जाने दिया गया।
पूर्वाह्न 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू कराई गई। बसंत पंचमी को शुभ मानते हुए सरेनी विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद ने समर्थकों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। ठाकुर प्रसाद ने एक सेट में नामांकन किया। राजेंद्र कुमार इनके प्रस्तावक रहे।
वहीं सलोन विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी दल बहादुर कोरी ने नामांकन पत्र जमा किया। भाजपा प्रत्याशी ने चार सेट में नामांकन किया। बृजमोहन, विमलाकांत तिवारी, शत्रोहन, शिवदर्शन यादव प्रस्तावक के रूप में शामिल रहे।
ऊंचाहार विस सीट से बसपा प्रत्याशी विवेक सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर चार सेटों में परचा भरा। तीनों प्रत्याशी फूल माला लादे हुए नामांकन स्थलों पर पहुंचे। सरेनी विस सीट से परचा भरने वाले बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद, ऊंचाहार विस सीट से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी विवेक सिंह करोड़पति हैं।
तो पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी दल बहादुर कोरी लखपति हैं। ये प्रत्याशी शस्त्र रखने के भी शौकीन हैं। इसमें दो नेताओं के पास तीन-तीन शस्त्र हैं, जबकि एक प्रत्याशी के पास महज एक शस्त्र है। लालगंज तहसील क्षेत्र के बहाई के रहने वाले ठाकुर प्रसाद का कानपुर मेें भी मकान है।
ठाकुर पर एक करोड़ से ज्यादा का लोन भी है। पूर्व मंत्री भी दो लाख से ज्यादा के कर्जदार हैं। तीनों प्रत्याशियों की ओर से अपने दाखिल किए गए नामांकन पत्र में ये जानकारी दी गई।
बसपा प्रत्याशी ठाकुर प्रसाद आठ करोड़ से ज्यादा की चल संपत्ति हैं। इसमें सात करोड़ 61 लाख बैंक खाते में है।
पांच गाड़ियों में दो फारचूनर, एक स्कार्पियो, एक जेसीवी, एक बोलेरो हैं। दो लाख 86 हजार रुपये का सोना-चांदी है। वहीं 38 लाख 26 हजार की अचल संपत्ति है। टीपी नगर कानपुर में एक मकान है। एक करोड़ 55 लाख का ऋण है। इंटर तक की शिक्षा ली है। कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है। एक पिस्टल, एक बंदूक और एक रायफल है।
भाजपा प्रत्याशी दल बहादुर कोरी के पास 12 लाख 54 हजार से ज्यादा की चल संपत्ति है। इनके पास एक कार और एक बाइक है। दो मंजिला एक पक्का मकान है। एक रिवाल्वर, एक रायफल और एक बंदूक है। 20 लाख 17 हजार की अचल संपत्ति है।
दो लाख चार हजार 993 रुपये का ऋण भी है। हाईस्कूल की शिक्षा ग्रहण की है। सलोन तहसील क्षेत्र के पदमनपुर बिजौली गांव के रहने वाले हैं। बसपा प्रत्याशी विवेक सिंह के पास 33 लाख 45 हजार 155 और उनकी पत्नी सुरुचि के पास 10 लाख 37 से ज्यादा की चल संपत्ति है।
एक करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति है। एक रायफल है। विवेक के पास नकदी के रूप में दो लाख और पत्नी के पास 20 हजार रुपये हैं। दो ट्रक, एक ट्रेलर, एक एक्सयूवी, एक पैजेरो, एक स्कार्पियो, एक बाइक भी है। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात भी हैं।