शिवगढ़ (रायबरेली)। बेटे के जन्म का घर पर जश्न मनाया जा रहा था। महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। इसी दौरान हाथ धोते समय टुल्लू मशीन में करंट उतरने से पिता की मौत हो गई। मंंगल गीतों के बीच चीख पुकार मच गई।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के चितवनियां गांव निवासी संदीप कुमार साहू (26) पुत्र रामविलास साहू की पत्नी पूजा ने 20 मई को सीएचसी शिवगढ़ में बेटे को जन्म दिया दिया था। बुधवार को पत्नी और नवजात बेटे के अस्पताल से वापस घर आने पर शाम को घर में जश्न का माहौल था।
परिवार के साथ रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग मौजूद थे। पिता संदीप ने पुत्र होने की खुशी में खूब गोले दागे। मिठाई बांटकर एक दूसरे का मुह मीठा कराया। भोजन आदि के बाद संदीप जैसे ही बाथरूम में टुल्लू पंप चलाकर हाथ पैर धोने लगे, वह करंट की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही संदीप की मौत हो गई। बताते हैं कि शाॅर्टसर्किट के चलते टुल्लू पंप में करंट उतर रहा था।
संदीप दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़े थे। दिल्ली में मसाला फैक्ट्री में प्राइवेट नौकरी करते थे। संदीप की मौत से पिता रामविलास साहू, मां सुनीता साहू, पत्नी पूजा साहू, छोटे भाई सनी साहू, छोटी बहन पिंकी साहू, रिंकी साहू के आंसू नहीं थम रहे हैं। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। बृहस्पतिवार सुबह शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कराया गया। थाना प्रभारी विंध्य विनय ने बताया कि घटना की जानकारी थाने पर नहीं दी गई है।