बछरावां कस्बा स्थित गोदाम में खाली सिलिंडर लगाकर लाइन में लगे उपभोक्ता।
रायबरेली। जिले में गैस की किल्लत कम नहीं हो रही है। रविवार को कई एजेंसियों में ताले लटके रहे तो कई जगह लाेगों की भीड़ रही। सर्वर के काम न करने से गैस की बुकिंग तक कराने में पसीना बहाना पड़ा। दिनभर परेशान होने के बाद लोग बिना सिलिंडर के घरों को लौट गए। शहर की एजेंसियों में सुबह से ही लोग एकत्र हो गए। गहमागहमी का माहौल रहा।
सिलिंडर के लिए दिनभर लोगों में मारामारी रही। बछरावां प्रतिनिधि के अनुसार, बीते दो सप्ताह से गैस की किल्लत से घरों के साथ ही होटल व ढाबा संचालक की परेशानी बढ़ गई है। ढाबा संचालक ने लोहे के ड्रम को काटकर भट्टी बनाई है। रविवार को गैस की बुकिंग के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। मनोज, रामभजन का कहना है कि सात दिन से रोज गैस के लिए आ रहे हैं, लेकिन अब तक गैस नहीं मिली है। ढाबा संचालक सुरेश व अंकित कुमार का कहना है कि गैस सिलेंडर न मिलने से व्यापार प्रभावित हो रहा है।
डीह प्रतिनिधि के अनुसार, रविवार को एजेंसी के गोदाम और कार्यालय में ताला लटका रहा। ऐसे में गैस लेने के लिए आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ता दिनेश कुमार, अजय प्रताप सिंह, अनिल तिवारी ने बताया कि बुकिंग कराने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। सरेनी प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत बरकरार है। एजेंसियों में उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें टूटने का नाम नहीं ले रही है।