आरडीए के नियमों को ताक पर रखकर बिल्डर मनमाने ढंग से निर्माण करा रहे हैं। नोटिस के बाद भी काम बंद नहीं होने पर पांच निर्माणाधीन बिल्डिगों को सील करने का नोटिस जारी किया गया है।
आरडीए उपाध्यक्ष के आदेश के बाद निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा है। जिले में अवैध रूप से निर्माण कार्य कराने का सिलसिला नहीं थम रहा है।
इसको देखते हुए रायबरेली विकास प्राधिकरण की ओर से रायबरेली महायोजना 2021 के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले पांच निर्माणाधीन इमारतों को सील की नोटिस जारी किया गया है।
इसमें अशोक कुमार श्रीवास्तव तिलक नगर, अमृतलाल निकट बस स्टेशन, बिंदा प्रसाद निकट डिग्री कॉलेज चौराहा, भुंदल कुमार निकट एसजेएस पब्लिक स्कूल, अवधेश प्रताप सिंह तिलक नगर शामिल हैं।
आरडीए उपाध्यक्ष ओपी राय ने 3 फरवरी तक का मौका दिया है। इसके बाद सभी बिल्डिगों को सील करने का आदेश दिया है। इससे पहले इन निर्माणकर्ताओं को काम रोकने का नोटिस भेजा गया था। इसके बाद भी काम शुरू रहा।