ऊंचाहार। डलमऊ-ऊंचाहार मार्ग पर सवैया धनी गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 1-ए पर मरम्मत कार्य के चलते तीन नवंबर (मंगलवार) को आठ घंटे वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। सुबह 10 से शाम छह बजे तक क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं होगा। ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा जाएगा।
वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) इजहार कलीम ने बताया कि क्रॉसिंग का पैरामीटर दुरुस्त करने और पटरी बदलने का काम कराया जाएगा। यातायात के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। डलमऊ की ओर से आने वाले वाहन जमुनापुर चौराहे से रामचंद्रपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 7-सी से गुजरेंगे। ऊंचाहार की ओर जाने वाले वाहन बाबूगंज से चड़रई होते हुए जमुनापुर पहुंचेंगे। तहसील प्रशासन और कोतवाली पुलिस से सहयोग मांगा गया है।